Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

Bilaspur News: सीर खड्ड हादसा, दो युवकों से पूछताछ, सुंदरनगर से घुमारवीं तक सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है पुलिस

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 19 नवंबर। सीर खड्ड पुल से छलांग लगाकर जान गंवाने वाली दो नाबालिग सहेलियों की मौत के मामले में पुलिस ने बुधवार को दो युवकों को बरमाणा थाने बुलाकर पूछताछ की। एक युवती की दादी की शिकायत पर अपहरण और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अब दोनों किशोरियों के घर से निकलने से लेकर सीर खड्ड पुल तक पहुंचने के बीच की हर कड़ी जोड़ने में जुटी है। इसके लिए सुंदरनगर से घुमारवीं तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस की जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि शनिवार को परीक्षा देने के बहाने घर से निकली दोनों सहेलियां कहां-कहां गईं और रविवार शाम तक किन लोगों के संपर्क में रहीं। बुधवार को युवकों को थाने बुलाकर की गई पूछताछ में सामने आए तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। हालांकि, अभी तक किसी की भूमिका स्पष्ट नहीं हुई है। युवकों व नाबालिग युवतियों के फोन व सोशल मीडिया चैटिंग व अन्य भी खंगाली जा रही है।

जांच के तहत पुलिस सुंदरनगर से घुमारवीं तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटा रही है। घुमारवीं शहर और आसपास के क्षेत्रों के कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों किशोरियां शनिवार को घर से निकलने के बाद कहां रुकीं, किससे मिलीं और उनकी आवाजाही किन-किन स्थानों पर रही। इसके साथ ही परिजनों की शिकायत और पूछताछ के दौरान सामने आ रहे तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।

गौरतलब है कि दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली दोनों सहेलियां शनिवार को परीक्षा देने के बहाने घर से सुंदरनगर जाने के लिए निकली थीं। रविवार शाम करीब छह बजे दोनों ने घुमारवीं के सीर खड्ड पुल से छलांग लगा दी थी। घटना में दोनों की मौत हो गई। रविवार को एक किशोरी का शव बरामद हुआ था, जबकि दूसरी का शव सोमवार सुबह रेस्क्यू अभियान के दौरान मिला था। दोनों किशोरियों की मौत के बाद से ही घटना के पीछे की वजह को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। दादी की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस अपहरण और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या घटना से पहले दोनों किशोरियों के साथ कोई ऐसी बात हुई थी, जिसका इस घटनाक्रम से संबंध हो सकता है।

पुलिस दोनों किशोरियों की गतिविधियों के साथ उनके संपर्कों और घटना से पहले की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है। क्या दोनों किसी परेशानी या दबाव में थीं, क्या उन्होंने किसी परिचित के साथ अपनी परेशानी साझा की थी और घर से निकलने के बाद उनके साथ क्या घटनाक्रम हुआ, इन सभी सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस परिजनों की शिकायत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ा रही है।

उधर, एसपी बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में बुधवार को बरमाणा थाने में दो युवकों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है और जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!