न्यूज अपडेट्स
सिरमौर, 18 नवंबर। कालाअम्ब-पांवटा साहिब नैशनल हाईवे-07 पर यूको बैंक के समीप मारकंडा की तरफ उतराई में मंगलवार सुबह पेड़ से एक शव लटका मिला है। सुबह स्थानीय लोगों ने जब पेड़ पर शव लटका देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस थाना कालाअम्ब को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय दिलीप सिंह पुत्र मेहर सिंह निवासी गांव कांडो हरयास, डाकघर भाटगढ़, रेणुका जी के रूप में हुई है। फिलहाल व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। एएसपी सिरमौर नरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मैडीकल कॉलेज नाहन भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।
