न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 10 नवंबर। त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधा के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) द्वारा स्पेशल बसें चलाने की व्यवस्था की जाती है, लेकिन बिलासपुर डिपो में इस व्यवस्था का खामियाजा स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। एक ओर बिलासपुर डिपो की बसें स्पेशल सेवाओं के नाम पर चंडीगढ़ भेजी जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर स्थानीय रूटों पर बसों की कमी और अव्यवस्था के चलते यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या त्योहारी सीजन में बाहरी रूटों पर यात्रियों की सुविधा स्थानीय ग्रामीणों की परेशानी से ज्यादा महत्वपूर्ण हो गई है?
ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, बिलासपुर डिपो की कई बसें चंडीगढ़ भेजे जाने के कारण बस अड्डे पर यात्री बसों का इंतजार करते नजर आए। वहीं, कुछ ग्रामीण रूटों को क्लब करके बसें चलाने का प्रयास किया गया। हैरानी की बात यह रही कि कई रूटों पर बसों की ड्यूटी तो लगा दी गई, लेकिन बसें निर्धारित समय पर पहुंच ही नहीं पाईं। नतीजतन यात्रियों की पूरी समय-सारणी प्रभावित हुई और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
ग्रामीणों के अनुसार, शाम के समय बंदला क्षेत्र की ओर जाने वाली बस में ओवरलोडिंग कम करने के उद्देश्य से सिहड़ा के लिए अतिरिक्त बस सेवा संचालित की जाती है, लेकिन दिवाली से एक दिन पहले भी इस बस को नहीं भेजा गया। आज भी बस निर्धारित समय पर नहीं पहुंच पाई। ऐसे में यात्रियों को एक बार फिर ओवरलोडिंग के बीच सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ा।
त्योहारी सीजन में स्पेशल बसें चलाना निगम की जिम्मेदारी है, लेकिन क्या इसके लिए ग्रामीण रूटों की नियमित बस सेवाओं को प्रभावित करना उचित है? चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखना जरूरी है, लेकिन बिलासपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी समय पर परिवहन सुविधा मिलनी चाहिए। आखिरकार ग्रामीण भी HRTC की सेवाओं पर निर्भर हैं और उन्हें भी अपने गंतव्य तक समय पर पहुंचने का पूरा अधिकार है।
गौरतलब है कि HRTC के डिविजन स्तर पर डिविजनल मैनेजर की तैनाती की जाती है, लेकिन अब निगम ने डिपो स्तर पर भी डिविजनल मैनेजर तैनात करने की व्यवस्था शुरू की है। बिलासपुर डिपो में भी डिविजनल मैनेजर की तैनाती है। इसके बावजूद यदि बसों के संचालन में इस कदर अव्यवस्था सामने आ रही है तो प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठना लाजिमी है।
