न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 14 नवंबर। जिला बिलासपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। बरमाणा थाना क्षेत्र के तहत डडोग, जुखाला निवासी संजीव कुमार के SBI बैंक खाते से अज्ञात साइबर अपराधियों ने SBI YONO App के माध्यम से 1.90 लाख रुपये की अनधिकृत निकासी कर ली।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके बैंक खाते से बिना अनुमति कुल 1,90,000 रुपये की ट्रांजेक्शन की गई। पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता बैंक स्टेटमेंट देखने के बाद चला। इसके बाद उसने पुलिस थाना बरमाणा में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि बैंक खाते से जुड़ी जानकारी, OTP और YONO App का पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। अनजान कॉल और संदिग्ध लिंक से भी सावधान रहें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाएं या नजदीकी पुलिस थाने से संपर्क करें।
