न्यूज अपडेट्स
घुमारवीं, 28 नवंबर। सोशल मीडिया पर पुराने नोटों के बदले लाखों रुपये देने का लालच देकर ठगी करने का मामला सामने आया है। इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखकर पुराने नोटों के बदले 95 लाख रुपये मिलने की उम्मीद में घुमारवीं के एक युवक ने आरोपियों के बताए क्यूआर कोड पर अलग-अलग किश्तों में 5,23,757 रुपये जमा करवा दिए। बाद में उसे ठगी का एहसास हुआ।
शिकायतकर्ता विवेक महाजन निवासी गांव दड़याना, डाकघर औहर, तहसील घुमारवीं ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 नवंबर को उसने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो देखी थी। इसमें पुराने नोटों के बदले 95 लाख रुपये देने का दावा किया गया था। वीडियो में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के बाद दूसरी तरफ से व्यक्ति ने उससे पुराने नोटों की तस्वीरें मंगवाईं।
इसके बाद व्हाट्सएप के माध्यम से बातचीत शुरू हुई। आरोपी ने फाइल चार्जेज और अन्य खर्चों के नाम पर बार-बार क्यूआर कोड भेजकर पैसे जमा करवाने को कहा। अधिक रकम मिलने के लालच में शिकायतकर्ता अलग-अलग किश्तों में कुल 5,23,757 रुपये जमा करवा बैठा। बाद में जब उसे पैसे वापस नहीं मिले तो अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
इस मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना मंडी से थाना घुमारवीं को जीरो एफआईआर प्राप्त हुई है। इसके आधार पर थाना घुमारवीं में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी तक पहुंचने के लिए साइबर तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर पुराने नोटों, सिक्कों या अन्य वस्तुओं के बदले लाखों रुपये देने के लालच भरे विज्ञापनों पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे न भेजें। साइबर ठगी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाएं।
