न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 01 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल के तहत आने वाले निरमंड क्षेत्र में चोरी की एक वारदात सामने आई है। यहां एक घर से करीब 5 लाख रुपए कीमत के सोने के आभूषण चोरी हो गए हैं। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने ब्रौ थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शतालधार (तहसील निरमंड, जिला कुल्लू) के रहने वाले ब्रिकी राम ने चोरी की शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि बीते रोज जब उनकी बहू ने अलमारी का लॉकर चैक किया, तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब मिले। इसके बाद जब ब्रिकी राम ने घबराहट में अपना लॉकर चैक किया तो वहां से भी सोने के कई गहने गायब थे।
शिकायतकर्ता ब्रिकी राम ने पुलिस को दी शिकायत में एक युवती पर चोरी का संदेह जताया है। उन्होंने बताया कि शिमला जिले की रामपुर तहसील के गांव पटैना की रहने वाली एक लड़की अक्सर उनके घर आती-जाती रहती थी। परिवार काे शक है कि उसी लड़की ने घर के लॉकर से यह जेवरात चुराए हैं।
शिकायतकर्ता ने उस संदिग्ध युवती का नाम और पूरा पता पुलिस को बता दिया है। वहीं पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक अभिषेक सेकर ने केस दर्ज होने की पुष्टि की है।
