न्यूज अपडेट्स
शिमला, 21 सितंबर। हिमाचल प्रदेश सरकार ने पेंशनरों के लंबित पेंशन एरियर को लेकर बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 1 जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए क्लास-III पेंशनरों को उनके पेंशन एरियर का 30 प्रतिशत, जबकि क्लास-I और क्लास-II पेंशनरों को 15 प्रतिशत एरियर इस वर्ष अक्टूबर माह में जारी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट के साथ आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पेंशनरों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। सरकार समय-समय पर कर्मचारियों और पेंशनरों को वित्तीय लाभ प्रदान करती रही है तथा आने वाले समय में महंगाई भत्ते (DA) की एक और किस्त जारी करने पर भी विचार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभागों को पेंशनरों के लंबित चिकित्सा प्रतिपूर्ति दावों का भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 65 वर्ष से अधिक आयु के सभी पेंशनरों का एरियर सरकार द्वारा पहले ही जारी किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने हिमाचल प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। सरकार ने कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन योजना बहाल की है, ताकि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद सम्मानजनक जीवन मिल सके।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की वित्तीय स्थिति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के समय प्रदेश पर करीब 76 हजार करोड़ रुपये का कर्ज था और कर्मचारियों व पेंशनरों की लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की देनदारियां थीं। उन्होंने राजस्व घाटा अनुदान (RDG) और जीएसटी मुआवजे को लेकर भी पिछली सरकार के कार्यकाल का जिक्र किया।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पेंशनर्स ज्वाइंट फ्रंट के अध्यक्ष आत्मा राम शर्मा ने पेंशनरों के हित में उठाए गए कदमों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। बैठक में ज्वाइंट फ्रंट के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में पेंशनर उपस्थित रहे।
