न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 18 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरूवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के नित्थर उपतहसील की ग्राम पंचायत दुराह के डवार्च सड़क मार्ग पर सेरी के पास हुआ। मृतकों की पहचान हरि सिंह निवासी शाह, ग्राम पंचायत लोट और श्याम लाल निवासी डवार्च, ग्राम पंचायत दुराह के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गुरूवार देर रात ऑल्टो कार दुराह की तरफ आ रही थी। इसी दौरान सेरी के पास ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि आल्टो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, इस हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
