न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 17 सितंबर। बिलासपुर जिले की तहसील झंडूता के तहत आने वाले गांव समलेटू में आपसी विवाद के चलते बड़े भाई और भाभी ने मिलकर अपने ही छोटे भाई के सिर पर पत्थर मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से आरोपितों ने शव को पास की झील में फेंक दिया। मृतक के दूसरे भाई रोशन लाल ने झंडूता पुलिस थाने में मदन लाल की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी।
15 सितंबर को मामले में उस वक्त नया मोड़ आया, जब शिकायतकर्ता रोशन लाल ने पुलिस को 11 सितंबर की रात हुए खूनी संघर्ष की जानकारी दी। उसने बताया कि 11 सितंबर को मदन लाल का अपने बड़े भाई बिशन दास (45) और भाभी रानो देवी (38) के साथ झगड़ा हुआ था।
कहासुनी इतनी बढ़ी कि बिशन दास और रानो देवी ने मदन लाल के सिर पर भारी पत्थर से वार कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने जब दंपती को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
