न्यूज अपडेट्स
लाहौल स्पीति, 17 सितंबर। हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल स्पीति से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां पर गुरूवार सुबह अचानक हुई बर्फबारी से दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल व बीमार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, मामला लाहौल-स्पीति के केलांग क्षेत्र में पवित्र पर्वत ड्रिलबुरी का है। बताया जा रहा है कि ड्रिलबुरी पहाड़ी की परिक्रमा के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। यात्रा के दौरान गुरुवार सुबह अचानक बर्फबारी शुरू हो गई, जिसमें दो महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
बर्फ पर फिसलने, हाई एल्टीट्यूड सिकनेस और हाइपोथर्मिया की चपेट में आने से कई श्रद्धालु घायल भी हुए हैं। सभी घायलों का इलाज केलांग अस्पताल में चल रहा है।
क्षेत्रीय अस्पताल केलांग की वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. सुषमा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परिक्रमा के दौरान दो महिला श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, जिससे मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
