न्यूज अपडेट्स
अंब, 26 अगस्त। बड़ूही-जोल सड़क पर नीलकंठ महादेव मंदिर के समीप महिला से पिस्टल की नोक पर सोने की चेन छीनने के मामले में पुलिस जांच में अहम खुलासा हुआ है। वारदात के दौरान महिला को डराने के लिए जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया गया था, वह असली हथियार नहीं बल्कि खिलौना पिस्टल थी।
जिला पुलिस ऊना ने मामले में पंजाब के कपूरथला जिले के बूट गांव निवासी सुखदेव सिंह उर्फ केवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ और जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने महिला को भयभीत करने के लिए खिलौना पिस्टल का इस्तेमाल किया था।
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को महिला ने पुलिस थाना बंगाणा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि दो मोटरसाइकिल सवार युवकों ने हथियार के बल पर उसके गले से सोने की चेन छीन ली। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों और मानव स्रोतों की मदद से पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंची। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की आवाजाही और संभावित रूट की भी जांच की गई। इसके बाद पुलिस ने 24 अगस्त को पंजाब के कपूरथला जिले के बूट गांव में दबिश देकर सुखदेव सिंह उर्फ केवा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद 27 अगस्त तक पुलिस हिरासत रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस अब उससे वारदात में शामिल दूसरे आरोपी, बाइक और लूटी गई सोने की चेन समेत अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपियों ने वारदात से पहले क्षेत्र की रेकी कैसे की और घटना के बाद किस रास्ते से फरार हुए। दूसरे आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान वारदात से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे और फरार आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
