न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 14 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां भुंतर इलाके के एक नशा मुक्ति केंद्र से एक व्यक्ति युवती को अपने साथ ले गया।
आरोपी पीड़िता को सीधे होटल ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे बिलासपुर में उसके किराए के कमरे पर छोड़ दिया। बिलासपुर महिला थाने में दर्ज हुई जीरो एफआईआर को आगे की कार्रवाई के लिए कुल्लू पुलिस को भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, महिला थाना कुल्लू में बीएनएस की धारा 64, 305(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह केस महिला थाना बिलासपुर से मिली जीरो एफआईआर के आधार पर दर्ज हुआ है, जो 32 साल की पीड़िता की शिकायत पर है। पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 10 अगस्त को नरेश उसे जिला कुल्लू के भुंतर स्थित नशा मुक्ति केंद्र से एक होटल में ले गया, जहां उसे शराब पिलाई और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद आरोपी उसे बिलासपुर जिले में उसके क्वार्टर पर छोड़कर चला गया।
पीड़िता के अनुसार, बाद में उसे पता चला कि उसके क्वार्टर से 9,00,000 रुपए गायब थे। जब उसने रुपयों को लेकर नरेश से बात करने की कोशिश की तो उसने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। एसपी अभिषेक शेखर ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है।
