न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 28 अगस्त। बिलासपुर से बंदला रूट पर जल्द ही HRTC की इलेक्ट्रिक बस दौड़ती नजर आएगी। पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बंदला क्षेत्र को इलेक्ट्रिक बस सेवा से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। इससे क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को आधुनिक एवं आरामदायक परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इलेक्ट्रिक बस के संचालन से यात्रियों को बेहतर सफर की सुविधा मिलने के साथ-साथ निगम को भी लाभ होगा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आधुनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होने से उनकी आवाजाही और कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
पूर्व DYC सचिव अनिल कुमार ने बताया कि इस संबंध में क्षेत्रीय प्रबंधक से बातचीत हुई है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने उन्हें आश्वस्त किया है कि जल्द ही बंदला रूट पर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जाएगी।
उधर, क्षेत्रीय प्रबंधक विवेक लखनपाल ने बताया कि बंदला रूट पर इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने के लिए मुख्य कार्यालय को पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बंदला के लिए इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर दी जाएगी।
