Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

सुक्खू सरकार ने 94 परिवारों को दी राहत, करुणामूलक आधार पर मिली सरकारी नौकरी

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 26 जुलाई। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के आश्रितों को राहत देते हुए जुलाई 2026 के दौरान करुणामूलक रोजगार नीति के तहत 94 ग्रुप-सी कर्मचारियों को विभिन्न सरकारी विभागों में नियुक्ति प्रदान की है। ये नियुक्तियां निदेशालय भर्ती, हिमाचल प्रदेश के माध्यम से जल शक्ति, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, गृह तथा बागवानी विभागों में की गई हैं।

राज्य सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि करुणामूलक नियुक्ति के पात्र मामलों को प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाए, ताकि पात्र आश्रितों को बिना अनावश्यक देरी के रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।

नियुक्ति प्राप्त करने वाले कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के निर्देशों के कारण वर्षों से लंबित मामलों का निपटारा संभव हो सका। कई लाभार्थियों ने बताया कि उन्होंने वर्षों पहले आवेदन किया था, लेकिन पूर्व में उनके मामलों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।

ऊना के अक्षय कुमार, शिमला के कोटखाई की शालू चौहान, कांगड़ा के बैजनाथ की आकांक्षा कपूर, सिरमौर के नाहन निवासी लोकेश चौहान तथा हमीरपुर की शिवानी कुमारी ने बताया कि वर्तमान सरकार ने उनके मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा कर उन्हें जुलाई 2026 में नियुक्ति प्रदान की। उन्होंने इसे अपने परिवार के लिए बड़ी राहत बताते हुए मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया।

सरकार ने यह भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया है कि विभिन्न विभागों द्वारा पूर्व में विभिन्न कारणों से अस्वीकृत किए गए करुणामूलक नियुक्ति के मामलों की भी समीक्षा की जाएगी। एकमुश्त विशेष पहल के तहत वास्तविक एवं पात्र मामलों की दोबारा जांच की जाएगी तथा नीति के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक होने पर उचित छूट देने पर भी विचार किया जाएगा।

राज्य सरकार का कहना है कि वह करुणामूलक रोजगार नीति के पात्र मामलों का निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि दिवंगत सरकारी कर्मचारियों के जरूरतमंद परिवारों को समय पर रोजगार और आर्थिक संबल मिल सके।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!