न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 06 जुलाई। बिलासपुर से सुंदरनगर जा रही प्रियंका बस सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भवाना पुल से लगभग 200 मीटर पीछे सड़क से नीचे उतर जाने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार बताए जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार बस बिलासपुर से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान भवाना पुल के समीप बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और यात्रियों की सहायता की।
राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें आवश्यक प्राथमिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
