न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 21 जुलाई। बिलासपुर जिले के बमटा चौक के समीप सोमवार शाम एक ट्रक चालक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक तौर पर चालक की मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जानकारी के अनुसार सोमवार, 21 जुलाई 2026 को शाम करीब 5 बजे पुलिस थाना सदर को सूचना मिली कि बमटा चौक के पास ट्रक नंबर UP85 AT 9730 सड़क के बीच खड़ा है और उसका चालक केबिन में अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और चालक को उपचार के लिए अस्पताल रवाना किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान दर्शन सिंह (56) पुत्र जोगिंदर सिंह, निवासी सुजानपुर, जिला पठानकोट (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में चालक ट्रक के केबिन में अचेत अवस्था में मिला। प्रथम दृष्टया उसकी मृत्यु का कारण हृदयाघात प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही की जाएगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले में नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
