Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: भूस्खलन के कारण नयना देवी सड़क मार्ग बंद, DC ने जारी की एडवाइजरी

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 28 जुलाई। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश अब मुसीबत का सबब बनने लगी है। बिलासपुर जिले के अहम कैंची मोड़-नयनादेवी सड़क मार्ग पर धारा, जनाली और पंचपौरा क्षेत्रों में भारी भूस्खलन हुआ है। सड़क पर बड़ी मात्रा में मलबा और चट्टानें गिरने के कारण जिला प्रशासन ने इस मार्ग को अगले आदेशों तक सभी प्रकार के वाहनों के लिए तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन की ओर से एक विस्तृत यात्रा सलाह भी जारी की गई है।

डीसी बिलासपुर राहुल कुमार ने श्री नयनादेवी जी आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी यात्रा के लिए आनंदपुर साहिब-टोबा-नयनादेवी वैकल्पिक मार्ग का ही उपयोग करें। प्रशासन के अनुसार यह मार्ग वर्तमान में यातायात के लिए पूरी तरह से सुचारू और सुरक्षित है।

डीसी राहुल कुमार ने बताया कि भूस्खलन के कारण कैंची मोड़-नयनादेवी मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियां मशीनरी के साथ मौके पर मौजूद हैं और युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक मार्ग को आधिकारिक तौर पर पूरी तरह सुरक्षित घोषित नहीं कर दिया जाता, तब तक इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

मौसम विभाग द्वारा क्षेत्र में आगे भी लगातार बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा करने से बचें। यदि यात्रा करना बेहद जरूरी हो, तो घर से निकलने से पहले मार्ग की नवीनतम स्थिति की जानकारी अवश्य लें। उपायुक्त ने विशेष रूप से पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अत्यधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन हालात पर निरंतर नजर बनाए हुए है और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर राहत कार्यों की निगरानी की जा रही है। मार्ग सुरक्षित होते ही आधिकारिक माध्यमों से इसकी सूचना तुरंत जनता तक पहुंचा दी जाएगी। प्रशासन ने सख्त हिदायत दी है कि लोग बंद किए गए मार्ग से जबरन गुजरने का प्रयास कर अपनी जान जोखिम में न डालें। साथ ही, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान देने के बजाय केवल जिला प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!