न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 28 जुलाई। (अनिल) हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के बिलासपुर डिपो की एक और बस तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इस बार बस अपने निर्धारित रूट पर रवाना होने से पहले ही बस अड्डे में खराब हो गई, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर से ज्योतिपतन के लिए प्रतिदिन शाम 5:10 बजे रवाना होने वाली HRTC बस रोजाना की तरह अपने निर्धारित समय पर प्रस्थान करने वाली थी। लेकिन रवाना होने से पहले ही बस में तकनीकी खराबी आ गई और उसके पहिए बस अड्डे में ही थम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों और यात्रियों के अनुसार वे समय पर अपने गंतव्य के लिए बस में सवार हो चुके थे, लेकिन काफी देर तक बस नहीं चली। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि बस तकनीकी खराबी के कारण आगे नहीं जा सकती। इसके चलते यात्रियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा।
यात्रियों ने कहा कि HRTC की बसों में लगातार सामने आ रही तकनीकी खराबियों के कारण आम लोगों को बार-बार परेशानी झेलनी पड़ रही है। उनका कहना है कि निगम को बसों की नियमित और बेहतर तकनीकी जांच सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि यात्रियों को इस तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
