न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 29 जुलाई। पंजाब नेशनल बैंक का अधिकारी बनकर साइबर ठगों ने घुमारवीं उपमंडल के बड्डू निवासी एक व्यक्ति को वरिष्ठ नागरिक क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा दिया और उसके बैंक खाते से 15.90 लाख रुपये उड़ा लिए। ठगों ने व्हाट्सएप कॉल कर पहले विश्वास जीता, फिर बैंक खाते और गोपनीय दस्तावेजों की जानकारी हासिल कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार बड्डू निवासी दिलवान सिंह ने थाना घुमारवीं में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि उसे व्हाट्सएप पर कॉल कर खुद को पंजाब नेशनल बैंक का प्रतिनिधि बताया गया। कॉल करने वाले ने वरिष्ठ नागरिक क्रेडिट कार्ड बनाने का लालच दिया। झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अपने बैंक खाते से जुड़ी जानकारी और अन्य गोपनीय दस्तावेज साझा कर दिए। इसके बाद ठगों ने एक लिंक भेजा, जिसके माध्यम से उसने एक एप/वेबसाइट डाउनलोड कर ली।
शिकायतकर्ता के अनुसार 2 जुलाई 2026 को उसके बैंक खाते से कुल 15.90 लाख रुपये निकाल लिए गए। ठगी का पता चलने पर उसने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर थाना घुमारवीं में साइबर ठगी का मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
उधर, एसपी अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि की है और लोगों से अपील की है कि किसी भी बैंक अधिकारी के नाम पर आए कॉल या लिंक पर भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन या व्हाट्सएप पर OTP, पासवर्ड या गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
