न्यूज अपडेट्स
शिमला, 10 जून। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक-परिचालक और कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर आंदोलन के मूड में नजर आ रहे हैं। बुधवार को ऊना में एचआरटीसी कर्मचारी यूनियन ने जोरदार धरना-प्रदर्शन कर सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की तथा मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष मान सिंह ने सरकार को कड़ा अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 24 जून तक कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 25 जून से पूरे प्रदेश में एचआरटीसी बसों के पहिये थम सकते हैं। उन्होंने कहा कि निगम के करीब 12 हजार कर्मचारी लंबे समय से आर्थिक और प्रशासनिक समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है।
यूनियन का आरोप है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन, पेंशन, ओवरटाइम, मेडिकल बिल और अन्य वित्तीय लाभ नहीं मिल रहे हैं। कर्मचारियों को हर महीने वेतन के लिए इंतजार करना पड़ता है, जिससे उनके परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा रहा है। मान सिंह ने कहा कि एचआरटीसी कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है, जबकि वे प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी जायज मांगों को गंभीरता से नहीं लिया तो कर्मचारी मजबूर होकर प्रदेशव्यापी आंदोलन और चक्का जाम का रास्ता अपनाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।
