Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: चिट्टे की ओवरडोज से युवक की मौत, दोस्त पर FIR दर्ज

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 22 जून। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद चिट्टे के सेवन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आरोप है कि युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर कथित तौर पर चिट्टे का इंजेक्शन लिया था, जिसके कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने मृतक के दोस्त के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला शिमला जिले के ठियोग क्षेत्र का है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार 21 वर्षीय हरदीप सिंह ने बताया कि वह एक निजी होटल में सर्विस बॉय (वेटर) के रूप में काम करता है। वह होटल की ओर से उपलब्ध कराए गए आवास में अपने दो साथियों उमेश और करण के साथ रह रहा था। हरदीप के मुताबिक 19 जून की रात करण का दोस्त बलवंत उर्फ रवि रावत उनके कमरे में आया।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आधी रात को करण और बलवंत ने एक सफेद गांठ जैसी सामग्री को पानी के साथ चम्मच में गर्म किया। शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद उस पदार्थ को सिरिंज में भरकर इंजेक्शन तैयार किया गया। आरोप है कि सबसे पहले करण को इंजेक्शन लगाया गया और फिर बलवंत ने खुद को इंजेक्शन लगाया। कुछ समय बाद दोनों ने दोबारा इंजेक्शन का इस्तेमाल किया।

हरदीप सिंह ने शिकायत में कहा है कि इंजेक्शन लेने के बाद करण की तबीयत बिगड़ने लगी और बाद में उसकी मौत हो गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जिस पदार्थ का इंजेक्शन लगाया गया, उसकी प्रतिक्रिया के कारण करण की जान गई। पुलिस शिकायत में इस पदार्थ को चिट्टा बताया गया है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर बलवंत उर्फ रवि रावत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

बता दें कि हिमाचल प्रदेश में चिट्टे के बढ़ते नेटवर्क और नशे से होने वाली मौतों को लेकर पहले से ही चिंता बनी हुई है। इससे पहले भी राज्य के अलग-अलग इलाक़ो में चिट्टे की ओवरडोज से युवकों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि ठियोग में युवक की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष पोस्टमार्टम और अन्य वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही निकाला जाएगा।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!