न्यूज अपडेट्स
ऊना, 13 जून। औद्योगिक क्षेत्र टाहलीवाल के अंतर्गत नंगल कलां के वार्ड नंबर-3 में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोर देर रात कमरे की ग्रिल उखाड़कर मकान में दाखिल हुए और दो कमरों की तलाशी लेने के बाद कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार यह वारदात निर्मल सिंह के घर में हुई। चोरों ने एक कमरे में रखी पेटी का कुंडा तोड़कर उसमें रखा सामान बिखेर दिया और घर में मौजूद सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरी हुए सामान में दो सोने की चेन, दो सोने की नथ, चार सोने की अंगूठियां, एक पायल, 20 चांदी के सिक्के तथा आठ चांदी के कंगन शामिल बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर के साथ वाले कमरे में सो रहे थे, जिससे उन्हें चोरी की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो कमरों में सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद सुबह करीब छह बजे पुलिस थाना टाहलीवाल को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही थाना टाहलीवाल से हेड कांस्टेबल परमजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
