न्यूज अपडेट्स
मंडी, 03 जून। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद एक अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पत्नी को वोट न मिलने से नाराज एक शख्स ने गुस्से में पूरे गांव का रास्ता ही ब्लॉक कर दिया।
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनावों के परिणाम आते ही ग्रामीण इलाकों से हार-जीत के कई दिलचस्प और अजीबोगरीब किस्से सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला हाई-वोल्टेज ड्रामा मंडी जिले के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली नवगठित टिक्करकलां पंचायत में देखने को मिला। यहाँ एक प्रत्याशी के पति को पत्नी की हार इस कदर नागवार गुजरी कि उसने आपा खोकर पूरे गांव की राह ही रोक दी।
दरअसल, आरोपी व्यक्ति की पत्नी पहले वार्ड सदस्य रह चुकी थी और इस बार उसने बीडीसी (पंचायत समिति) सदस्य के पद के लिए अपनी किस्मत आजमाई थी। लेकिन जब चुनाव के नतीजे आए, तो वह हार गईं। पत्नी की इस शिकस्त से बौखलाया पति सोमवार देर रात शराब के नशे में धुत होकर टिक्कर से नौण गांव को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर पहुँच गया। उसने रास्ते के बीचों-बीच भारी-भरकम लकड़ियां और तख्ते रखकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया और वहाँ से गुजरने वाले ग्रामीणों पर अपनी भड़ास निकालने लगा।
इस अजीबोगरीब हरकत की वजह से रात के समय राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि, सुबह होते ही उक्त व्यक्ति का गुस्सा कुछ शांत हुआ और उसने खुद ही रास्ते से लकड़ियां हटा दीं। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत मामले की शिकायत नवनिर्वाचित पंचायत प्रधान सुरेश शर्मा से की। प्रधान ने बताया कि यह व्यक्ति पहले भी नशे की हालत में इस तरह की हरकतें कर चुका है।
फिलहाल, आरोपी को दोबारा ऐसा न करने की सख्त हिदायत दी गई है और उसने अपनी गलती मानते हुए ग्रामीणों से माफी मांग ली है।
