न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 30 जून। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में एम.कॉम. द्वितीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के साथ हुई शैक्षणिक लापरवाही के विरोध में जिला संयोजक देवार्या टाडू की अध्यक्षता में धरना-प्रदर्शन किया।
6 महीने गलत विषय पढ़ाया
धरने को संबोधित करते हुए देवार्या टाडू ने कहा कि जिस महाविद्यालय की पहचान कभी उत्कृष्ट शिक्षा के लिए होती थी, आज वही प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था के कारण चर्चा में है। उन्होंने आरोप लगाया कि एम.कॉम. द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों को पूरे छह माह तक इकोनॉमिक्स के स्थान पर ऑर्गेनाइजेशन बिहेवियर एंड डेवलपमेंट विषय पढ़ाया गया।
परीक्षा के समय चला पता
टाडू ने कहा कि परीक्षा के समय विद्यार्थियों को पता चला कि उस विषय की परीक्षा ही नहीं होगी। इसे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ गंभीर अन्याय बताते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है।
चतुर्थ सेमेस्टर के छात्रों से भी भेदभाव
उन्होंने बताया कि एम.कॉम. चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के साथ भी इसी प्रकार की लापरवाही बरती गई है। ABVP ने कॉलेज प्रशासन और विश्वविद्यालय से दोषियों पर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।
कुलपति से मिलेंगे प्रतिनिधि
देवार्या टाडू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो ABVP आंदोलन को और तेज करेगी। जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा। ABVP ने मांग की है कि प्रभावित छात्रों को विशेष परीक्षा का मौका दिया जाए और जिम्मेदार शिक्षकों व अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
