न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 19 जून। जिला बिलासपुर में जिला परिषद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया गुरुवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। जिला परिषद के कुल 14 निर्वाचित सदस्यों में से 10 सदस्यों की उपस्थिति से आवश्यक कोरम पूरा होने के उपरांत चुनाव प्रक्रिया प्रारंभ की गई। अध्यक्ष पद पर लेख राम तथा उपाध्यक्ष पद पर प्रमिला देवी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। दोनों पदों के लिए अन्य कोई नामांकन पत्र दाखिल न होने के कारण निर्वाचन प्रक्रिया बिना मतदान के पूर्ण हुई।
जिला परिषद बैठक हॉल में आयोजित चुनाव प्रक्रिया उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायती राज संस्थाएं) राहुल कुमार की उपस्थिति में संपन्न हुई। अध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-12 जुखाला से निर्वाचित सदस्य लेख राम ने नामांकन पत्र दाखिल किया, जिसका प्रस्ताव वार्ड संख्या-06 रोहल से जरनैल सिंह ने तथा समर्थन वार्ड संख्या-05 बड़गांव से नरेंद्र कुमार ने किया। वहीं उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड संख्या-04 ननावां से निर्वाचित सदस्य प्रमिला देवी ने नामांकन प्रस्तुत किया, जिसका प्रस्ताव वार्ड संख्या-10 बरमाणा से अशोक कुमार तथा समर्थन वार्ड संख्या-02 गाहर से रक्षा कुमारी ने किया।
चुनाव प्रक्रिया में वार्ड संख्या-01 घंडालवीं से जमना देवी, वार्ड संख्या-02 गाहर से रक्षा कुमारी, वार्ड संख्या-03 कुठेड़ा से निशु देवी, वार्ड संख्या-04 ननावां से प्रमिला देवी, वार्ड संख्या-05 बड़गांव से नरेंद्र कुमार, वार्ड संख्या-06 रोहल से जरनैल सिंह, वार्ड संख्या-09 बामटा से सपना कुमारी, वार्ड संख्या-10 बरमाणा से अशोक कुमार, वार्ड संख्या-12 जुखाला से लेख राम तथा वार्ड संख्या-14 कोटखास से तरसेम सिंह उपस्थित रहे। जबकि वार्ड संख्या-07 जेजवीं से आशा देवी, वार्ड संख्या-08 जांगला से देवांश चंदेल, वार्ड संख्या-11 नम्होल से सुरभि ठाकुर तथा वार्ड संख्या-13 स्वाहण से रतन चंद अनुपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों पर मतदाताओं द्वारा व्यक्त विश्वास को बनाए रखना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी निर्वाचित जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों के समग्र विकास, जनकल्याण तथा पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन सुनिश्चित करने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर, जिला पंचायत अधिकारी यशपाल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
