न्यूज अपडेट्स
पंचकूला, 30 मई। 30 वर्षीय प्रीति बेनीवाल 20 अप्रैल की रात पंचकूला सिविल अस्पताल के ICU में मृत मिली थीं। दूसरी शिफ्ट के कर्मचारियों ने उन्हें स्टोर एरिया के पास फर्श पर गिरा देखा था। उनके हाथ में कैनुला लगा हुआ था और नाक से खून निकल रहा था। शुरुआती आशंका ओवरडोज इंजेक्शन की जताई गई थी, हालांकि पोस्टमॉर्टम की फाइनल रिपोर्ट अभी तक सामने नहीं आई है
पुलिस जांच के मुताबिक प्रीति और रोहतक के युवक की मुलाकात ITI में पढ़ाई के दौरान हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद विरोध शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि इसी कारण परिवार ने प्रीति की शादी उम्र में काफी बड़े व्यक्ति से करवा दी थी।
हालांकि शादी ज्यादा समय तक नहीं चली और प्रीति ससुराल छोड़कर मायके लौट आईं। बाद में दोनों के बीच फिर संपर्क शुरू हो गया। जांच में यह भी सामने आया है कि युवक फिलहाल रोहतक की MDU में PHD कर रहा है। उसकी शादी चार साल पहले हो चुकी है और वह एक बच्चे का पिता है, जबकि उसकी पत्नी गर्भवती बताई जा रही है।
प्रीति बेनीवाल मूल रूप से हिसार के जुगलान गांव की रहने वाली थीं और परिवार के साथ पंचकूला सेक्टर-31 में रहती थीं। उनकी नौकरी साल 2024 में लगी थी और पहली पोस्टिंग पंचकूला सिविल अस्पताल में हुई थी। वह अधिकतर ICU में ड्यूटी करती थीं।
