न्यूज अपडेट्स
ऊना, 24 मई। पंचायत चुनावों के बीच अवैध शराब की सप्लाई पर नकेल कसते हुए गगरेट पुलिस ने अम्बोटा बाईपास रोड पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चैकिंग के दौरान एक कार से पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की खेप बरामद कर चालक के खिलाफ एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस टीम शिवबाड़ी-अम्बोटा बाईपास रोड पर वाहनों की नियमित चैकिंग कर रही थी तो इस दौरान एक सफेद रंग की गाड़ी को शक के आधार पर रोका। पुलिस को वाहन में संदिग्ध सामान होने का आभास हुआ, जिसके बाद स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में गाड़ी की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान गाड़ी की पिछली सीट और डिक्की से शराब से भरी पेटियां बरामद हुईं। पुलिस जांच में 10 पेटियां रॉयल स्टैग और 5 पेटियां मैक्डॉवल्स नंबर वन ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिन पर फॉर सेल इन पंजाब ओनली अंकित था। सभी पेटियों में कुल 180 बोतलें शराब की पाई गईं, जिनकी कुल मात्रा 1,35,000 मिलीलीटर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब ले जाने संबंधी कोई वैध दस्तावेज या परमिट प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन चालक की पहचान विपन कुमार निवासी चरूड़ू तहसील अम्ब जिला ऊना के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब की खेप और वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
