Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

बिलासपुर: वार्षिक परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थी सम्मानित, टॉप-10 में 21 विद्यार्थी

News Updates Network
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
बिलासपुर, 13 मई। जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में जिला शिक्षा विभाग के माध्यम से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिला बिलासपुर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। 

समारोह में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार तथा अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने मेधावी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा में जिला बिलासपुर के 10वीं तथा 12वीं कक्षा के 21 विद्यार्थियों ने प्रदेश की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय और परिवार बल्कि पूरे जिले का नाम प्रदेश भर में गौरवान्वित किया है।

इस अवसर पर उपायुक्त राहुल कुमार ने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में अनुशासन, निरंतर मेहनत, सकारात्मक सोच और समय प्रबंधन भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सफलता का आनंद लेने के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, नशे से दूर रहने तथा अच्छे मित्रों का चयन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में असफलताएं भी आती हैं, लेकिन वही आगे बढ़ने और मजबूत बनने का अवसर प्रदान करती हैं। असफलता को कभी निराशा नहीं बल्कि सीख और अनुभव के रूप में स्वीकार करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसके माता-पिता और अध्यापकों का महत्वपूर्ण योगदान होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत और कंसिस्टेंसी बनाए रखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि नियमित प्रयास करने वाला विद्यार्थी अपनी मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभा महत्वपूर्ण है, लेकिन निरंतर मेहनत और अनुशासन प्रतिभा को भी पीछे छोड़ देते हैं।

अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने कहा कि परीक्षा जीवन का केवल एक पड़ाव है, संपूर्ण जीवन नहीं। जीवन में उतार-चढ़ाव, प्रतिस्पर्धा और चुनौतियां लगातार आती रहती हैं, लेकिन दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने वाले विद्यार्थी ही सफलता हासिल करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और ज्ञान का उपयोग राष्ट्र निर्माण तथा समाजहित में करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह में इन मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

सम्मान समारोह में 12वीं विज्ञान संकाय में मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की दिवांगी को 490 अंक प्राप्त कर 98 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में पांचवां स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरठीं के शिवम शर्मा को 488 अंक लेकर 97.6 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त करने, आर.के. सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल घंडालवीं की मुस्कान शर्मा को  487 अंक प्राप्त कर 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ आठवां स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुखाला की अनन्या शर्मा तथा मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की वैदेही शर्मा को 485 अंक प्राप्त कर 97 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दसवां स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।

इसी तरह 12वीं कला संकाय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जकातखाना की गौरी शर्मा को 493 अंक प्राप्त कर 98.6 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में चैथा स्थान तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बरठीं की तेजस्विनी शर्मा को 487 अंक प्राप्त कर 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में दसवां स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में 10वीं कक्षा में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बिलासपुर की पूर्णिमा शर्मा को 698 अंक प्राप्त कर 99.71 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान, आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं के अभिमन्यु पटियाल तथा हिम सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हर्षिता को 695 अंक प्राप्त कर 99.29 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से पांचवां स्थान तथा हिम सर्वोदय सीनियर सेकेंडरी स्कूल की काव्या को 693 अंक लेकर 99 प्रतिशत अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया।

इसी दौरान आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं की ऋद्धिमा ठाकुर, मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के आरव शर्मा तथा आयुष शर्मा को 692 अंक प्राप्त कर 98.86 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से आठवां स्थान, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंजगाई की नविता शर्मा, आर.के. सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंडालवीं की जैस्मिन, मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल की हर्षिता चड्ढा तथा ग्लोरी पब्लिक स्कूल बिलासपुर की प्रांशी गुप्ता को 691 अंक प्राप्त कर 98.71 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से नौवां स्थान तथा राजकीय उच्च विद्यालय मलांगण की मनीषा शर्मा को 690 अंक प्राप्त कर 98.57 प्रतिशत अंकों के साथ प्रदेश मेरिट सूची में दसवां स्थान हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!