न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 16 मई। बिलासपुर शहर में दहेज के कारण एक बेटी की शादी टूट गई। शादी की रस्में पूरी होने और धाम का आयोजन करने के बाद अंतिम समय पर दूल्हे और उसके पिता ने दहेज में चंडीगढ़ में फ्लैट और लग्जरी कार की मांग कर दी। मांग पूरी न होने पर बारात लाने से इनकार कर दिया।
पुलिस ने पीड़ित पिता की शिकायत पर दूल्हे और उसके पिता के खिलाफ धोखाधड़ी और दहेज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
धाम के बाद रखी मांग
बिलासपुर निवासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी बेटी की शादी गोंदपुर, डाकखाना जंगला के साथ तय की थी। शादी 10 मई 2026 को होनी थी।
शादी से पहले 7 मई को बिलासपुर के एक ऑडिटोरियम में धाम का आयोजन किया गया, लेकिन 9 मई की शाम दूल्हे के पिता ने फोन कर अचानक फ्लैट और गाड़ी की मांग रख दी।
रात 1:30 बजे होटल में बुलाकर दी धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने इतनी बड़ी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई, तो 10 मई की रात करीब 1:30 बजे लड़के का पिता और अन्य लोग होटल परिसर में पहुंचे और धमकी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
