न्यूज अपडेट्स
शिमला, 26 मई। दाड़लाघाट में पंचायत चुनाव को लेकर हुई बहसबाजी के बाद धक्का लगने से एक युवक मौत हो गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयान में दीपक कुमार उर्फ शशी पुत्र राम दत्त शर्मा निवासी गांव कोटला पुजारिया (दाड़लाघाट) ने आरोप लगाया कि 24 मई की रात वह और अश्वनी पुत्र राम रत्न, निवासी गांव डवारू के साथ थे।
25 मई को दोनों जालपा माता मंदिर स्यार गए जहां उनकी मुलाकात कुनाल, निवासी स्यार से हुई। इसी दौरान पंचायत चुनाव को लेकर कुनाल और अश्वनी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बाद में तीनों स्यार स्थित भोजनालय से खाना पैक करवाकर तपन निवासी स्यार के घर पहुंचे। वहां दोनों के बीच फिर विवाद और गाली-गलौज शुरू हो गई। दीपक और तपन ने कुनाल को कमरे के अंदर बैठा दिया, लेकिन रात करीब 9:30 बजे कुनाल गुस्से में बाहर आया और अश्वनी को जोर का धक्का दे दिया, जिससे वह बालकनी से नीचे गिर गया।
घटना के बाद सभी लोग तुरंत नीचे पहुंचे, जहां अश्वनी बेसुध पड़ा था और उसके हाथ व बाएं कान से खून निकल रहा था। 108 एंबुलेंस की सहायता से उसे अर्की अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, डीएसपी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कुनाल के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
सोलन की सौढ़ी पंचायत में मतदान करते महिला को आया हार्ट अटैक
दून के सौढ़ी पंचायत के मलगन बूथ पर एक महिला मतदाता को मतदान करते समय हार्ट अटैक आ गया। 66 वर्षीय महिला धर्मी देवी को वोट डालते समय सीने में दर्द हुआ, जिससे वह बेहोश हो गईं। लोगों ने बेहोशी की हालत में महिला को उपचार के लिए बद्दी के निजी अस्पताल में पहुंचाया। वहां पर वह उपचाराधीन है। महिला के पुत्र किशोरी ने बताया कि बेहोशी की हालत में उन्हें बद्दी के निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। वहां उनकी हालत पहले से बेहतर है। चिकित्सकों के अनुसार महिला को हार्ट अटैक आया था, लेकिन अब हालत में सुधार है।
