न्यूज अपडेट्स
मंडी, 13 अप्रैल। मंडी जिले के सरकाघाट क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान नैण गांव की रहने वाली छात्रा के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह कॉलेज जा रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रास्ते में अज्ञात आरोपी ने छात्रा पर हमला कर दिया और हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग दहशत में हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र को सील कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन पुलिस हर एंगल से मामले की गहन छानबीन कर रही है।
इस जघन्य वारदात ने पूरे सरकाघाट क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
