न्यूज अपडेट्स
मंडी, 12 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के अंतर्गत ग्राम पंचायत छपराहन में शनिवार रात एक तेंदुए ने जमकर उत्पात मचाया। तेंदुए ने गांव के निवासी चंद्रमणि की गौशाला में घुसकर दो बछियों और दो भेड़ों को मार डाला। इस हमले में पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित चंद्रमणि ने बताया कि शनिवार शाम करीब 7 बजे वह रोजाना की तरह मवेशियों को चारा डालकर घर चले गए थे। उनकी गौशाला घर से महज एक मिनट की दूरी पर स्थित है।
रविवार सुबह करीब 6 बजे जब परिवार के सदस्य दूध निकालने के लिए गौशाला पहुंचे और दरवाजा खोला, तो वहां का मंजर देखकर उनकी रूह कांप गई। गौशाला के भीतर दो बछियां और दो भेड़ें मृत पड़ी थीं।
शुरुआती जांच में पता चला है कि तेंदुआ गौशाला की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुआ था। राहत की बात यह रही कि वहां बंधी गाय सुरक्षित बच गई।
