न्यूज अपडेट्स
कुल्लू, 7 अप्रैल। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने मंगलवार को कुल्लू स्थित हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की वर्कशॉप व वाशिंग स्टेशन का दौरा किया और कर्मशाला कर्मचारियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने व्यास नदी के किनारे स्थित वर्कशॉप में बन रही फ्लड प्रोटेक्शन वॉल के शेष कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग ₹3.32 करोड़ की राशि खर्च की जा रही है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि व्यास नदी के समीप होने के कारण वर्कशॉप को बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए, ताकि भविष्य में जलस्तर बढ़ने पर किसी भी प्रकार की क्षति से बचाव सुनिश्चित हो सके।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह फ्लड प्रोटेक्शन वॉल न केवल वर्कशॉप की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि कर्मचारियों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण भी प्रदान करेगी। इससे क्षेत्र की परिवहन सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी।
दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। कर्मचारियों ने कार्यस्थल की सुरक्षा, सुविधाओं के विस्तार और कार्यप्रणाली में सुधार को लेकर अपने विचार रखे। इस पर उपमुख्यमंत्री ने सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को परियोजना के कार्यान्वयन में गुणवत्ता, समन्वय और गति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
