न्यूज अपडेट्स
मंडी, 12 अप्रैल। मंडी जिला के जोगिंद्रनगर में एचआरटीसी बस कंडक्टर के साथ कथित मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस बीच जोगिंद्रनगर के विधायक Prakash Rana ने वायरल हो रहे वीडियो को भ्रामक करार दिया है।
विधायक प्रकाश राणा ने अपने बयान में कहा कि इस घटना से उनके ड्राइवर के बेटे का कोई भी संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग जानबूझकर उनकी छवि खराब करने के लिए साजिश रच रहे हैं और इस मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है।
उन्होंने एचआरटीसी यूनियन पर भी निशाना साधते हुए कहा कि यूनियन राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित होकर उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। विधायक के अनुसार, बिना तथ्यों की पुष्टि किए इस तरह के आरोप लगाना गलत है।
प्रकाश राणा ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बिना सबूत उनके खिलाफ आरोप लगाए जाते रहे, तो वे संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
उधर, इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
