न्यूज अपडेट्स
मंडी, 27 अप्रैल। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से टेक्सटाइल इंजीनियर की आत्महत्या का मामला सामने आया है। सुंदरनगर उपमंडल के चौगान क्षेत्र में रविवार को इंजीनियर ने अपने घर में फंदा लगाकर जीवन समाप्त कर ली। वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान विवेक सेन (39) पुत्र भूपेंद्र सेन निवासी चौगान, तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रविवार को जब परिजनों को घटना का पता चला, तो वे आनन-फानन में उन्हें नागरिक अस्पताल सुंदरनगर ले गए। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विवेक पिछले कुछ समय से गंभीर मानसिक तनाव के दौर से गुजर रहे थे।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है। फिलहाल पुलिस मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है।
