न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 06 अप्रैल | हिमाचल प्रदेश की लाइफलाइन कही जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवाओं पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को हरिद्वार से हमीरपुर आ रही एचआरटीसी की बस (HP67-3894) हरिद्वार से महज 50 किलोमीटर चलने के बाद तकनीकी खराबी के चलते रास्ते में ही बंद हो गई।
जानकारी के अनुसार बस दोपहर करीब तीन बजे हरिद्वार से रवाना हुई थी, लेकिन उत्तर प्रदेश के सैयद माजरा टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही अचानक खराब हो गई। बस में सवार 26 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चालक और परिचालक ने बस को ठीक करने की काफी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल पाई।
करीब डेढ़ घंटे तक यात्रियों को सड़क किनारे इंतजार करना पड़ा। बाद में चंबा डिपो की दूसरी बस की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। हालांकि, ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले 12 यात्रियों को भी नई बस में सीट नहीं मिल पाई और कई यात्रियों को लंबा सफर खड़े होकर तय करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि खराब हुई बस करीब 15 लाख किलोमीटर से अधिक चल चुकी है, जबकि नियमों के अनुसार 10 लाख किलोमीटर के बाद बसों को स्क्रैप किया जाना चाहिए। ऐसे में निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
यात्रियों ईशान और दीक्षित ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एचआरटीसी में इस तरह की घटनाएं आम हो गई हैं। आए दिन बसों के खराब होने से यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे न केवल उनकी यात्रा प्रभावित होती है, बल्कि प्रदेश की छवि पर भी असर पड़ता है।
यात्रियों ने निगम से बसों की नियमित जांच और समय पर स्क्रैपिंग की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
