Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

ऊना में बड़ा हादसा, हिमाचल एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर 50 से अधिक बेजुबानों की मौत

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
ऊना, 15 मार्च। जिला ऊना के निकट भड़ौलियां में रविवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। दिल्ली से दौलतपुर चौक जा रही हिमाचल एक्सप्रैस ट्रेन की चपेट में आने से 50 से अधिक भेड़-बकरियों की कटकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे ट्रैक का मंजर बेहद खौफनाक था, जहां दूर-दूर तक खून और जानवरों के अंग बिखरे पड़े थे। लाखों का नुक्सान होने के बावजूद कानूनी कार्रवाई के डर से भेड़पालक मौके से गायब हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार सुबह निचले क्षेत्रों में आया एक भेड़पालक अपने रेवड़ (भेड़-बकरियों के झुंड) को लेकर रेलवे लाइन क्रॉस करवा रहा था। इसी दौरान दिल्ली से हिमाचल एक्सप्रैस ट्रेन वहां आ पहुंची। इससे पहले कि भेड़-बकरियों को ट्रैक से हटाया जा सकता, ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई। इस भयंकर हादसे में 50 से ज्यादा भेड़-बकरियां ट्रेन के पहियों के नीचे आकर कट गईं।

हादसे के तुरंत बाद ट्रेन के लोको पायलट (ड्राइवर) ने इसकी सूचना रेलवे स्टेशन पर दी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम सब इंस्पैक्टर सुरेंद्र कुमार की अगुवाई में घटनास्थल पर पहुंची। मौके का दृश्य रोंगटे खड़े कर देने वाला था। पूरी पटरी खून से लथपथ थी और मरी हुईं भेड़-बकरियों के अंग ट्रैक के आसपास बिखरे हुए थे। इस पूरी घटना में एक बेहद हैरान करने वाला पहलू भी सामने आया। हादसे के बाद और पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही, कई मृत भेड़-बकरियों को जंगली जानवर घसीट ले गए। हद तो तब हो गई जब कुछ स्थानीय लोग भी मरे हुए जानवरों को वहां से उठाकर अपने साथ ले गए।

इस दर्दनाक हादसे में भेड़पालक का लाखों रुपए का नुक्सान हुआ है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अभी तक किसी भी भेड़पालक ने रेलवे पुलिस या प्रशासन के पास कोई लिखित शिकायत या मुआवजे का दावा पेश नहीं किया है। दरअसल, रेलवे नियमों के तहत किसी भी रेलवे संपत्ति या रेलवे लाइन पर अनधिकृत रूप से प्रवेश करना वर्जित है और ऐसा करने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई का प्रावधान है। माना जा रहा है कि इसी कानूनी कार्रवाई और जुर्माने के डर से भेड़पालक सामने नहीं आ रहा है। फिलहाल, रेलवे पुलिस ने अपनी तरफ से इस मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है कि यह रेवड़ किसका था।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!