न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 31 मार्च। बिलासपुर जिला के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत घुमारवीं पुल के समीप उस वक्त लोगों की सांसें अटक गईं, जब उतराई में एक ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई की ओर लटक गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया और ट्रैक्टर में सवार दोनों लोगों की जान बाल-बाल बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब पंजाब नंबर का एक ट्रैक्टर (PB 08 EK-2473) मेला ग्राऊंड की तरफ जा रहा था। इस ट्रैक्टर में मेले के लिए झूले लदे हुए थे। जैसे ही ट्रैक्टर घुमारवीं पुल के समीप उतराई वाले रास्ते पर पहुंचा, चालक ने अचानक वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित होने के बाद ट्रैक्टर सीधा सड़क के किनारे बनी खाई की तरफ जा लटका। यह मंजर देखकर वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए। राहत की बात यह रही कि ट्रैक्टर खाई में नहीं गिरा और बीच में ही अटक गया।
हादसे के वक्त ट्रैक्टर में 2 लोग सवार थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग भागकर मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर में सवार दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी भी प्रकार के जान-माल का कोई नुक्सान नहीं हुआ है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि अगर ट्रैक्टर जरा सा और आगे खिसक जाता, तो एक भयानक हादसा हो सकता था। समय रहते बड़ी अनहोनी टल जाने से पूरे क्षेत्र में राहत का माहौल है।
