Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: निजी अस्पताल में चोरी, डॉक्टर की गाड़ी और मशीन उड़ा ले गए शातिर

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
ऊना, 31 मार्च। जिला मुख्यालय ऊना में कानून-व्यवस्था को चुनौती देती एक हैरान करने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक निजी अस्पताल को देर रात शातिर चोर ने अपना निशाना बनाया। चोर ने न केवल अस्पताल परिसर में घुसकर बेखौफ तरीके से तलाशी ली, बल्कि मौके का फायदा उठाते हुए डॉक्टर की गाड़ी और जरूरी मशीनरी भी चुरा ली। 

हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें आरोपी की गतिविधियां साफ देखी जा सकती हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। वहीं पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

जिला मुख्यालय के पुराना होशियारपुर रोड स्थित एक निजी अस्पताल में बीती रात्रि चोरी की वारदात सामने आई है। चोर ने अस्पताल के संचालक डॉ. जगदीश्वर कंवर की गाड़ी के साथ-साथ अस्पताल में रखी कुछ मशीनों पर भी हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार यह घटना रात करीब 2 बजे के बाद की बताई जा रही है। सुबह जब डॉ. जगदीश्वर कंवर रोजाना की तरह अस्पताल पहुंचे और राउंड लेने के बाद वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी पार्किंग से गायब है। शक होने पर उन्होंने अस्पताल परिसर की जांच की, जहां मुख्य गेट खुला मिला। इसके बाद तुरंत सीसीटीवी विशेषज्ञ को बुलाकर फुटेज खंगाली गई। 

फुटेज में साफ दिखाई दिया कि एक अज्ञात व्यक्ति रात के समय अस्पताल में दाखिल होता है और बड़ी ही शांति से विभिन्न कमरों में जाकर तलाशी लेता है। इस दौरान वह फार्मेसी स्टोर तक पहुंचता है, जहां से उसे गाड़ी की चाबी मिल जाती है। इसके बाद वह नीचे जाकर अस्पताल में रखी एक मशीन उठाता है और फिर गाड़ी लेकर मौके से फरार हो जाता है। डॉ. कंवर ने बताया कि उन्हें फास्टैग के माध्यम से प्राप्त संदेश के अनुसार उनकी गाड़ी सुबह करीब 6:15 बजे पंजाब के कुराली टोल प्लाजा को पार करती हुई दर्ज हुई है, जिससे अंदेशा है कि आरोपी राज्य से बाहर भाग चुका है।

वहीं मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अस्पताल परिसर से सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है और फास्टैग से मिले इनपुट के आधार पर गाड़ी को ट्रैक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की गई गाड़ी और मशीनरी बरामद कर ली जाएगी।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!