न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 16 मार्च। मोबाइल फोन न मिलने से नाराज एक 13 वर्षीय बच्चे की ओर से फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। जानकारी के अनुसार आरएच अस्पताल बिलासपुर से थाना सदर पुलिस को सूचना मिली कि एक बच्चे को अचेत अवस्था में जिला अस्पताल बिलासपुर लाया गया है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि सचिन (13) पुत्र सतवीर सिंह निवासी गांव मल्लपुर सिद्धारी डाकघर सयावली माला तहसील बिलारी जिला मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि सचिन अपनी माता से मोबाइल फोन देने की जिद कर रहा था। उसकी परीक्षा चल रही थी, इसलिए माता ने पढ़ाई का हवाला देते हुए मोबाइल देने से मना कर दिया।
मोबाइल न मिलने से वह नाराज हो गया और कुछ देर बाद अपने कमरे में चला गया। इसी दौरान उसने अपनी माता की साड़ी को कमरे में लगे कुंडे से बांधकर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को शक हुआ। कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे से लटका हुआ था। परिजन उसे तुरंत नीचे उतारकर उपचार के लिए जिला अस्पताल बिलासपुर ले आए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मामले की जांच शुरू की और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि बच्चे का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद के बाद बच्चे ने यह कदम उठाया।
