न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 25 मार्च। जिला मुख्यालय पर स्थित नामी बैंक के लॉकर से कथित तौर पर 40 तोले सोने के आभूषण गायब होने का मामला सामने आया है। इसकी कीमत करीब 50 लाख से अधिक आंकी जा रही है। हालांकि अभी तक बैंक की ओर से इस मामले की जांच की जा रही है, लेकिन इस तरह का यह मसला चर्चा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार रोड़ा सेक्टर निवासी प्रीती गुप्ता का बैंक में अपने पिता के साथ ज्वाइंट खाता खोला था। महिला के पिता का निधन हो चुका है और वह विदेश में रहती है। करीब तीन साल बाद महिला अपने घर आई और बैंक के पहुंचकर लॉकर चैक किया, तो यह खाली पाया गया। बताया जा रहा है कि लाखों का सोना था, लेकिन अचानक ही कहां पर चला गया इसकी चर्चा बनी हुई है। बैंक प्रबंधन की मानें तो बैंक में लॉकर की दो चाबियां होती हैं, इसमें एक चाबी बैंक और एक चाबी खाता धारक के पास होती है। ऐसे में इस महिला के पिता समय समय पर बैंक आते रहते थे।
खाताधारक होने के चलते बैंक में आना-जाना लगा रहता था। महिला के पिता का निधन होने के बाद इतने लंबे समय लॉकर खोला गया तो यह खाली ही पाया गया। महिला का कहना है कि इस लॉकर में उनके पिता ने लाखों के गहने रखे हुए थे, लेकिन अब बैंक के लॉकर में यह गहने नहीं है।
बैंक प्रबंधन का कहना है कि लॉकर में सोने के गहने थे या नहीं इस बारे में जांच के बाद ही पता चल पाएगा। महिला के साथ बातचीत की गई है, जल्द ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
