न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 21 फरवरी। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 की शोभा यात्रा के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शोभा यात्रा के लिए आवश्यक सामग्री की आपूर्ति हेतु एसडीएम सदर, बिलासपुर ने सर्व साधारण एवं स्थानीय कपड़ा विक्रेताओं से निविदाएं आमंत्रित की हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए एसडीएम सदर डॉ. राजदीप सिंह ने बताया कि इच्छुक विक्रेता निर्धारित सामग्री के नमूनों सहित अपनी सीलबंद निविदाएं 6 मार्च 2026 को दोपहर 12:30 बजे तक एसडीएम कार्यालय में जमा कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्राप्त निविदाओं को 7 मार्च 2026 को सायं 3:30 बजे निविदादाताओं अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधियों की उपस्थिति में खोला जाएगा।
उन्होंने बताया कि निविदा प्रक्रिया के अंतर्गत वीआईपी पगड़ी, साधारण पगड़ी, सफेद व गुलाबी पगड़ी तथा महिला दुपट्टा/स्टॉल की आपूर्ति की जानी है। सभी निविदादाताओं को 10 हजार रुपये की धरोहर राशि डिमांड ड्राफ्ट के रूप में जमा करवानी होगी। साथ ही, आपूर्ति की जाने वाली सामग्री निर्धारित नमूने के अनुरूप होना अनिवार्य रहेगा।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि चयनित निविदादाता को 14 मार्च 2026 से पूर्व समस्त सामग्री की आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी, ताकि शोभा यात्रा की तैयारियों में कोई बाधा न आए। उन्होंने यह भी बताया कि प्रशासन को किसी भी परिस्थिति में निविदा को रद्द करने का पूर्ण अधिकार रहेगा।
उन्होंने सभी इच्छुक विक्रेताओं से निर्धारित तिथि से पूर्व अपनी निविदाएं समय पर कार्यालय में जमा करवाने की अपील की है, ताकि राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला 2026 की शोभा यात्रा को भव्य और व्यवस्थित स्वरूप प्रदान किया जा सके।
