न्यूज अपडेट्स
बिलासपुर, 21 फरवरी। मेरा युवा भारत द्वारा 28 फरवरी 2026 को गवर्नमेंट कॉलेज बिलासपुर में विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट 2026 का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जिला युवा अधिकारी दीपमाला ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श करने और अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि यह एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यक्रम होगा, जिसमें भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों को अपने विचारों को सशक्त और तार्किक ढंग से अभिव्यक्त करने का अवसर मिलेगा। चयनित प्रतिभागी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिला बिलासपुर का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और संवाद कौशल को बढ़ावा मिलेगा।
दीपमाला ने बताया कि कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवा माय भारत पोर्टल Click Here For Registration पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त कार्यक्रम स्थल पर भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम 28 फरवरी को प्रातः 10 बजे आरंभ होगा और प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार प्रस्तुत करने के लिए तीन मिनट का समय दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी सकारात्मक भूमिका सुनिश्चित करना है। यह मंच युवाओं को अपने विचार साझा करने, नेतृत्व कौशल विकसित करने और देश के भविष्य को सशक्त बनाने में योगदान देने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करेगा।
