न्यूज अपडेट्स
चंडीगढ़, 01 फरवरी। शहर में एक बार फिर महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं। रात 12 बजे ऑफिस से लौट रही एक युवती ने इन-ड्राइव ऐप के माध्यम से कैब बुक की, जहां कैब ड्राइवर ने उसके साथ अभद्र और आपत्तिजनक बातचीत करते हुए फ्री राइड के बदले सेक्स का प्रस्ताव दिया।
पीड़िता के अनुसार, कैब ड्राइवर ने पहले उससे उसके बॉयफ्रेंड के बारे में सवाल पूछे। इसके बाद उसने कहा कि अगर वह उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए तो वह उसे मुफ्त में यात्रा कराएगा, साथ ही पैसे देने का भी लालच दिया। यह सुनकर युवती घबरा गई और उसने किसी तरह अपनी जान बचाकर कैब से उतरकर घर पहुंची।
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि तीन दिन तक उसकी FIR दर्ज नहीं की गई। इस दौरान वह मानसिक तनाव और डर के साए में रही।
चौंकाने वाली बात यह रही कि चौथे दिन आरोपी कैब ड्राइवर राम अपनी पूरी यूनियन के साथ थाने पहुंचा और पीड़िता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हुए मामला खत्म करने का दबाव बनाया। बताया जा रहा है कि इसके बाद पुलिस ने बिना उचित कानूनी कार्रवाई के केस को रफा-दफा कर दिया।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि महिलाएं सार्वजनिक परिवहन में कितनी सुरक्षित हैं और क्या दबाव में किए गए समझौते से ऐसे अपराधियों को बचने का रास्ता मिल रहा है।
