Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल बना खेलों का केंद्र, घुमारवीं में राष्ट्रीय छात्रा हैंडबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
घुमारवीं (बिलासपुर), 01 फरवरी। 69वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स के अंतर्गत अंडर-19 (छात्रा) हैंडबॉल प्रतियोगिता का आज घुमारवीं स्थित पीएम श्री राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के प्रांगण में भव्य शुभारंभ हुआ। नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने प्रतियोगिता का ध्वजारोहण कर देशभर से आई 30 टीमों के भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने छात्रा खिलाड़ियों को खेल शपथ भी दिलाई और पांच दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के औपचारिक उद्घाटन की घोषणा की।

मुख्य अतिथि राजेश धर्माणी ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में घुमारवीं में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन संभव हो पाया है, जो पूरे क्षेत्र और प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग दस वर्षों के अंतराल के बाद पुनः राष्ट्रीय खेल आयोजनों की शुरुआत हुई है और घुमारवीं में यह तीसरा अंडर-19 छात्रा हैंडबॉल आयोजन है। इससे पूर्व ऐसे आयोजन पांवटा साहिब और नालागढ़ में सफलतापूर्वक हो चुके हैं।

मंत्री ने कहा कि जब देश की बेटियां सशक्त होंगी, तभी राष्ट्र प्रगति करेगा। महिला सशक्तिकरण के बिना मजबूत भारत की कल्पना अधूरी है। उन्होंने समाज में बेटा-बेटी के भेदभाव को समाप्त करने और बेटियों को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर देने पर बल दिया। खेलों से न केवल शारीरिक व मानसिक विकास होता है बल्कि आत्मविश्वास, टीम भावना और जीवन कौशल भी विकसित होते हैं।

उन्होंने कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग होने चाहिए, ताकि प्रत्येक बच्चा किसी न किसी खेल से जुड़ सके। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से एक ओर राष्ट्रीय एकता को बल मिलता है, वहीं दूसरी ओर विभिन्न राज्यों की संस्कृति और भाषाओं को समझने का अवसर भी मिलता है।

इस अवसर पर मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी एवं कोच स्नेह लता के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में अब तक 200 से अधिक छात्रा व महिला खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुकी हैं, जिनमें से लगभग 80 को सरकारी क्षेत्र में रोजगार भी मिला है।

मंत्री ने प्रतियोगिता के पहले मैच (हिमाचल प्रदेश बनाम नवोदय विद्यालय समिति) का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन समिति की ओर से संतोष चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए जानकारी दी कि प्रतियोगिता में देश के 30 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों व शैक्षणिक संगठनों की 30 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें लगभग 400 छात्रा खिलाड़ी और 85 टीम अधिकारी शामिल हैं।

इस अवसर पर मंत्री की धर्मपत्नी सोनिका धर्माणी, पद्मश्री हरिमन शर्मा, कांग्रेस नेता विवेक कुमार, महिला आयोग सदस्य रीना पुंडीर, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, हिमुडा सदस्य जितेंद्र चंदेल, तृप्ता ठाकुर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंजना धीमान, उपायुक्त राहुल कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप धवल, संयुक्त निदेशक स्कूल शिक्षा जे.सी. नेगी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!