Click Here to Share Press Release Through WhatsApp No. 82196-06517 Or Email - pressreleasenun@gmail.com

हिमाचल: संविधान की किताब लेकर विधानसभा पहुंचे डिप्टी CM, पैसा रुकवाने दिल्ली जाते है जयराम

Anil Kashyap
By -
0
न्यूज अपडेट्स 
शिमला, 17 फरवरी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आरोप लगाया है कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर दिल्ली हिमाचल का पैसा रुकवाने के लिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की 55,000 करोड़ रुपए की राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) रुकने के बावजूद नेता प्रतिपक्ष ने अफसोस तक नहीं जताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय केंद्र से 70,000 करोड़ रुपए मिलने के बावजूद कर्मचारियों के एरियर का भुगतान तक नहीं किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री विधानसभा में नियम-102 के तहत आरडीजी के मुद्दे पर चर्चा में भाग ले रहे थे तथा इस दौरान उनके निशाने पर नेता प्रतिपक्ष रहे। उनकी इस दौरान भाजपा विधायक बिक्रम सिंह के साथ भी तीखी नोंक-झोंक हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की तरफ से राज्य को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। इसके तहत पहले जीएसटी की एवज मिलने वाली राशि को बंद किया गया तथा अब बिना बताए आरडीजी पर रोक लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि एक तरफ केंद्र ने हिमाचल की राशि रोकी है, तो दूसरी ओर नेता प्रतिपक्ष कार्यकर्त्ताओं से चुनाव की तैयारी करने की बात कह रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को मझधार में छोड़ जा रहा है, जो सही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े राज्यों की लॉबी इस समय काम कर रही है तथा हिमाचल प्रदेश का गला घोंटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेश हित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि ऐसे मौके पर यदि भाजपा ने राज्य का साथ नहीं दिया, तो यह बात इतिहास के पन्नों में दर्ज हो जाएगी।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने जल जीवन मिशन के 1,227 करोड़ रुपए रोके गए हैं। इसमें से 500 से 600 करोड़ रुपए की राशि तो पूर्व भाजपा सरकार के समय की है। इसी तरह ओपीएस देने की एवज 1,800 करोड़ रुपए एडिशनल बोरिंग को रोका गया है। फॉरन फंडिंग पर विराम लगाने के अलावा आरडीजी को बंद कर दिया गया है।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खुद हस्तक्षेप करके आरडीजी को बहाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री हिमाचल प्रदेश के हालात से वाकिफ हैं तथा ऐसे में उन्हें मदद के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक सांसद जो राज्य सरकार को वित्तीय प्रबंधन का पाठ पढ़ा रहे हैं, उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री को भी ऐसी सीख देनी चाहिए।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री बैग में संविधान की किताब लेकर सदन में पहुंचे। उन्होंने इस दौरान संविधान की उन धाराओं का उल्लेख भी किया, जिसमें राज्यों को संरक्षण प्रदान किया गया है।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने विधानसभा परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि दिल्ली में जाकर हिमाचल प्रदेश के पैसे रुकवाने के जो आधारहीन आरोप उनके ऊपर उपमुख्यमंत्री ने सदन में लगाए हैं, उससे उनके ऊपर विशेषाधिकार हनन का मामला बनता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेताओं की लड़ाई और हाईकमान के पास कुछ गिनवाने के लिए उपमुख्यमंत्री अपनी भड़ास को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने ऐसी भड़ास कांग्रेस सरकार के 3 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री व अधिकारियों पर मंच से निशाना साधकर की थी। उन्होंने कहा कि भाजपा आरडीजी के विषय को अपने स्तर पर उठा रही है तथा केंद्र सरकार से मिलने को लेकर पार्टी स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को प्रदेश हितों की चिंता कांग्रेस से कहीं अधिक है।

Post a Comment

0 Comments

Post a Comment (0)

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!