न्यूज अपडेट्स
हमीरपुर, 03 फरवरी। हमीरपुर शहर में यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाते हुए सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अवैध रूप से मॉडिफाई की गई एक ऑल्टो कार पर पुलिस ने एक लाख रुपये का चालान काटा है। यह कार्रवाई पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सदर थाना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान गांधी चौक पर एक ऑल्टो कार को रोका गया। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन चालक ने नियमों के विरुद्ध अपनी गाड़ी में टायरों सहित कई अवैध मॉडिफिकेशन करवा रखे थे, जो सीधे तौर पर मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मॉडिफिकेशन से न केवल सड़क सुरक्षा को गंभीर खतरा होता है, बल्कि इससे ध्वनि प्रदूषण और वायु प्रदूषण भी बढ़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए वाहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई और एक लाख रुपये का चालान किया गया।
एसपी बलवीर सिंह ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और अवैध मॉडिफिकेशन से बचें, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
