न्यूज अपडेट्स
हरियाणा, 07 फरवरी। फरीदाबाद जिले में चल रहे सूरजकुंड मेले में आज एक झूला गिर गया। हादसे में बचाव के दौरान पलवल में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई, जबकि 13 लोग घायल हो गए। घायलों का निजी और बादशाह खान सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक झूला शाम 6.15 के आस-पास गिरा था। हादसे की जांच के लिए कमेटी बनाई गई है, जो हादसे की जांच करेगी। झूले का रोज इन्सपेक्शन होता था। इसके बावजूद भी हादसा हो गया।
31 जनवरी को शुरू हुआ था मेला
सूरजकुंड की अरावली पहाड़ियों में यह अंतरराष्ट्रीय मेला 31 जनवरी से शुरू हुआ था, जो 15 फरवरी तक चलेगा। शनिवार होने के कारण मेले में भीड़ ज्यादा थी। गौरतलब है कि इस अंतरराष्ट्रीय मेले में देश के 30 राज्यों से आए करीब 1150 हस्तशिल्पी भाग ले रहे हैं, जबकि 46 देशों के कलाकार भी अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं।
