न्यूज अपडेट्स
शिमला, 12 जनवरी। हिमाचल प्रदेश ने भारत–भूटान के बीच सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण और सहयोगात्मक संबंधों को और सुदृढ़ करते हुए भूटान को चिलगोजा के पौधों का उपहार भेजा है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज प्रदेश सचिवालय शिमला से इन पौधों को ले जा रहे वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल भारत और भूटान के बीच मित्रता, सौहार्द और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भविष्य में हिमाचल प्रदेश वन विभाग द्वारा भूटान को पांच लाख रुपये मूल्य के चिलगोजा के अतिरिक्त बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही भूटान के वन विभाग के अधिकारियों को चिलगोजा के पौधे उगाने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसके लिए भूटान के अधिकारियों की टीम शीघ्र ही हिमाचल प्रदेश का दौरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार चिलगोजा से जुड़ी गतिविधियों में स्थानीय महिला मंडलों को भी शामिल करेगी और उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी भूटान को 50 किलोग्राम चिलगोजा के बीज प्रदान किए जा चुके हैं।
चिलगोजा पश्चिमी हिमालय की एक बहुमूल्य प्रजाति है, जो पर्यावरण संरक्षण, जैव-विविधता और स्थानीय आजीविका से गहराई से जुड़ी हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार वन संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं के चलते राज्य में वन आवरण में लगभग 55 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में लगभग 9,000 हेक्टेयर वन भूमि पर विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के अंतर्गत पौधरोपण किया जा रहा है, जिसमें 60 प्रतिशत फलदार पौधे शामिल हैं। मुख्यमंत्री वन विस्तार योजना के तहत बंजर पहाड़ियों को हरा-भरा करने के उद्देश्य से अब तक 600 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधरोपण किया जा चुका है।
वनों की सुरक्षा और प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए प्रदेश में 2019 वन मित्रों की नियुक्ति की गई है, जिन्हें वृक्षारोपण, अग्नि सुरक्षा, राल दोहन सहित विभिन्न वानिकी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन सहयोग से हरित आवरण बढ़ाने के लिए राजीव गांधी वन संवर्धन योजना, ग्रीन एडॉप्शन योजना सहित कई योजनाएं प्रभावी रूप से लागू की जा रही हैं।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, हिमाचल प्रदेश राज्य वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, विधायक कैप्टन रणजीत सिंह राणा व मलेन्द्र राजन, प्रदेश हज कमेटी के अध्यक्ष दिलदार अली भट्ट, महाधिवक्ता अनूप रतन, अतिरिक्त मुख्य सचिव के.के. पंत, प्रधान मुख्य अरण्यपाल संजय सूद सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
