न्यूज अपडेट्स
शिमला, 03 जनवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने देर रात हिमाचल प्रदेश के 11 जिलों में कांग्रेस जिला अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी हाईकमान ने इस सूची में क्षेत्रीय संतुलन और गुटीय समीकरणों को साधने की कोशिश की है। हालांकि शिमला ग्रामीण और किन्नौर जिलों में दावेदारों की अधिकता के चलते अभी अध्यक्ष घोषित नहीं किए जा सके हैं।
नियुक्तियों में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू खेमे के दो और होली लॉज गुट के भी दो नेताओं को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। मंडी और बिलासपुर जिलों में पार्टी ने महिला नेतृत्व पर भरोसा जताया है।
कांगड़ा और हमीरपुर में मुख्यमंत्री सुक्खू के करीबी माने जाने वाले नेताओं को संगठन की कमान सौंपी गई है। कांगड़ा में अनुराग शर्मा और हमीरपुर में सुमन भारती शर्मा को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में होली लॉज और मंत्री विक्रमादित्य सिंह के करीबी नेताओं को जिम्मेदारी मिली है। कुल्लू में सीसराम और लाहौल-स्पीति में दोरजे अंगरूप को अध्यक्ष बनाया गया है। ऊना जिले में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री के करीबी देसराज गौतम को कमान सौंपी गई है।
किस जिले में किसे मिली कमान
मंडी: चंपा ठाकुर (पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर की बेटी)
चंबा: सुरजीत कुमार भरमौरी (राहुल गांधी टीम से जुड़े)
सिरमौर: आनंद परमार (डॉ. यशवंत सिंह परमार के पोते)
सोलन: सुभाष चंद वर्माणी (मंत्री धनीराम शांडिल के करीबी)
शिमला शहरी: इंदरजीत सिंह (न्यूट्रल माने जाते हैं)
बिलासपुर: अंजना धीमान (पूर्व अध्यक्ष, मंत्री राजेश धर्माणी की करीबी)
कांगड़ा: अनुराग शर्मा
हमीरपुर: सुमन भारती शर्मा
कुल्लू: सीसराम
लाहौल-स्पीति: दोरजे अंगरूप
ऊना: देसराज गौतम
तत्काल प्रभाव से लागू होंगी नियुक्तियां
ये सभी नियुक्तियां संगठन सृजन अभियान के तहत की गई हैं और इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू माना जाएगा। नियुक्तियों से पहले पार्टी ने सभी जिलों में ऑब्जर्वर भेजे थे, जिनकी रिपोर्ट के आधार पर यह सूची तैयार की गई।
राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल द्वारा जारी अधिसूचना में उम्मीद जताई गई है कि नवनियुक्त जिला अध्यक्ष बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत, कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार और सरकार की नीतियों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाएंगे।
गौरतलब है कि ये नियुक्तियां 421 दिन के अंतराल के बाद की गई हैं, क्योंकि पिछली जिला कार्यकारिणी नवंबर 2024 में भंग कर दी गई थी।
